×

Asha Bhosle Birthday Special : प्यार के लिए परिवार से भी लड़ गयी थी आशा ताई, ससुराल वालों ने अपनाने से कर दिया था इनकार 

 

हिंदी सिनेमा की बेहतरीन गायिकाओं में से एक आशा भोसले को सुरों की मल्लिका के खिताब से भी नवाजा जाता है। 8 सितंबर 1933 को महाराष्ट्र के सांगली में जन्मी आशा भोंसले के पिता दीनानाथ मंगेशकर थे। यानी वह लता मंगेशकर की छोटी बहन हैं। क्या आप जानते हैं कि अपने गानों से दिल जीतने की क्षमता रखने वाली आशा का दिल के मामले में अपने ही परिवार से झगड़ा हो गया था? अगर नहीं तो बर्थडे स्पेशल में हम आपको उनकी जिंदगी के इस किस्से से रूबरू करा रहे हैं।


महज 10 साल की उम्र में अपनाया संगीत 
आशा भोसले को बचपन से ही गाने का शौक था। आलम ये था कि महज 10 साल की उम्र से ही उन्होंने संगीत से अपना रिश्ता जोड़ लिया था। उन्होंने फिल्मों के लिए अपना पहला गाना फिल्म चुनरिया में गाया था। दावा है कि वह अब तक 20 भाषाओं में 16 हजार से ज्यादा गाने गा चुकी हैं। सबसे ज्यादा स्टूडियो रिकॉर्डिंग के लिए उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में भी दर्ज है। उन्होंने हिंदी के अलावा बंगाली, गुजराती, पंजाबी, मलयालम, भोजपुरी, तमिल, अंग्रेजी और रूसी जैसी भाषाओं में भी गानों को अपनी आवाज से सजाया है।


प्यार की खातिर परिवार से हुई परेशानी
आशा भोसले उन सितारों में से एक हैं, जो प्यार की खातिर परिवार से खिलवाड़ करने से भी नहीं हिचकिचाती थीं। हुआ यूं कि जब आशा महज 16 साल की थीं, उसी दौरान वह अपनी बहन लता मंगेशकर के पर्सनल सेक्रेटरी गणपत राव के प्यार में गिरफ्तार हो गईं। गणपत राव 31 साल के थे, लेकिन प्यार की डोर में बंधी उम्मीद ने उम्र के बंधन को दरकिनार कर दिया। यहां तक कि वह लता मंगेशकर और उनके पूरे परिवार के खिलाफ भी चली गईं।


ससुराल वालों ने किया प्रताड़ित 

प्यार में डूबी आशा ने गणपत राव से शादी कर ली और कुछ ही समय में उनके तीन बच्चे हो गए। इसके बावजूद भी उसे ससुराल वालों की नजरों में कभी भी बहू जैसा सम्मान नहीं मिल सका। हालात ऐसे थे कि उन्हें काफी यातनाएं दी गईं। आशा के साथ मारपीट की गयी। साथ ही उसे तीनों बच्चों समेत घर से बाहर निकाल दिया।  इसके बाद आशा अपने तीन बच्चों को लेकर मायके आ गई थी।


फिर छह साल छोटे पंचम दा को अपना हमसफर बनाया
पहली बार प्यार में हार चुकीं आशा भोसले की जिंदगी में राहुल देव बर्मन यानी पंचम दा के रूप में दूसरी बार प्यार ने दस्तक दी। दरअसल, दोनों ने पहली बार फिल्म मंजिल में साथ काम किया और जिंदगी की असली मंजिल तय की। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आए और साल 1980 के दौरान उन्होंने शादी कर ली। आपको बता दें कि इस बार भी आशा ने उम्र की बंदिश को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया, क्योंकि उम्र के मामले में पंचम दा उनसे छह साल छोटे थे।