×

Pratyusha Banerjee Special : आँखों में बड़े सपने के साथ Pratyusha ने मुंबई में रखा था कदम, बचपन से ही थी कला की शौक़ीन 

 

आपको मशहूर टीवी शो 'बालिका वधू' की भोली भाली आनंदी तो याद ही होंगी! यह किरदार दिवंगत अभिनेत्री प्रत्युषा बनर्जी ने निभाया था। उन्होंने अपना किरदार इतने शानदार तरीके से निभाया कि उन्हें घर-घर में आनंदी के नाम से जाना जाने लगा।  अपनी एक्टिंग और मासूमियत की वजह से वह दर्शकों की चहेती बन गईं। कुछ ही समय में प्रत्युषा छोटे पर्दे पर बड़ा नाम बनकर उभरीं। लेकिन, वह इस स्टारडम का लुत्फ ज्यादा दिनों तक नहीं उठा सकीं। साल 2016 में उन्होंने आत्महत्या कर ली और दुनिया को अलविदा कह गईं। बता दें कि आज प्रत्युषा बनर्जी की बर्थ एनिवर्सरी है। अगर आज वह जीवित होतीं तो अपना 32वां जन्मदिन मना रही होतीं। आइए जानते हैं इनके बारे में।


बंगाली परिवार में जन्म
प्रत्युषा बनर्जी का जन्म 10 अगस्त 1991 को झारखंड के जमशेदपुर में एक मध्यम वर्गीय बंगाली परिवार में हुआ था। शुरू से ही उनकी रुचि कला में थी. पढ़ाई के दौरान भी वह स्कूल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती थीं। इसके बाद उन्होंने एक्टिंग में करियर बनाने का सपना देखा और टीवी में काम करने की चाहत उन्हें मायानगरी ले आई। यहां आकर उन्होंने खुद को साबित किया और कम समय में ही अपनी अच्छी पहचान बनाने में कामयाब रहीं। प्रत्युषा सिर्फ दसवीं पास थीं। उन्होंने 17 साल की उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत टीवी शो 'रक्त संबंध' से की थी. इसी साल वह 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' में नजर आईं। इसके बाद उनका चयन 'बालिका वधू' के लिए हो गया। इस शो ने उनके करियर को पंख दे दिए और वह घर-घर में आनंदी के नाम से मशहूर हो गईं। इस तरह प्रत्यूषा को कम उम्र में ही अच्छी पहचान मिल गई. टीवी शो में अभिनय के अलावा प्रत्यूषा ने 'झलक दिखला जा' और 'बिग बॉस' जैसे रियलिटी शो में भी हिस्सा लिया था। इसके अलावा वह 'प्यार तूने क्या किया', 'सावधान इंडिया', 'हम हैं ना', 'ससुराल सिमर का', 'स्वरागिनी', 'कुमकुम भाग्य' जैसे शोज में भी नजर आईं।


क्या पिछले जन्मदिन पर लगाया था सिन्दूर?

प्रत्यूषा बनर्जी ने अपना आखिरी जन्मदिन साल 2015 में मनाया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रत्यूषा के जन्मदिन के मौके पर उनके कथित बॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह ने एक सरप्राइज पार्टी दी थी। इसमें प्रत्युषा और उनके करीबी दोस्त शामिल हुए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पार्टी के दौरान प्रत्यूषा की मांग में सिन्दूर भरा हुआ नजर आया। तब कयास लगाए जा रहे थे कि शायद उन्होंने शादी कर ली है। फैंस भी इस बात से संतुष्ट थे कि उनकी पसंदीदा एक्ट्रेस की जिंदगी खुशियों से भरी है। हालांकि, 1 अप्रैल 2016 को प्रत्यूषा बनर्जी ने कथित तौर पर अपने फ्लैट में फांसी लगा ली थी जब ये खबर सामने आई तो किसी को भी यकीन नहीं हुआ। हर किसी के मन में यही सवाल था कि प्रत्यूषा ने ऐसा क्यों किया? हालाँकि, आज तक इस सवाल का जवाब नहीं मिल पाया है। प्रत्यूषा की मौत की असली वजह अभी तक सामने नहीं आई है।


मां ने गाना गाकर उन्हें अंतिम विदाई दी
प्रत्यूषा बनर्जी को बहुत कम उम्र का आशीर्वाद मिला था। लेकिन मिली उम्र में उन्होंने कई उपलब्धियां दर्ज कीं. एक्ट्रेस की मां ने अपनी बेटी को खास अंदाज में विदाई दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रत्युषा की मां सोमा बनर्जी ने अपनी बेटी का पसंदीदा गाना 'आज जाने की जिद ना करो...' गाते हुए उन्हें आखिरी विदाई दी। इस दौरान प्रत्यूषा के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। लेकिन, उन्होंने बेटी को खास अंदाज में विदाई दी। इस मौके पर मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं।